Home » उत्तर प्रदेश » उप्र: कोरोना के 46,177 सक्रिय मामले, 15,678 लोग होम आइसोलेशन में

उप्र: कोरोना के 46,177 सक्रिय मामले, 15,678 लोग होम आइसोलेशन में

👤 manish kumar | Updated on:9 Aug 2020 12:29 PM GMT

उप्र: कोरोना के 46,177 सक्रिय मामले, 15,678 लोग होम आइसोलेशन में

Share Post

लखनऊ। प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या अब 75 जनपदों में 46,177 हो गई है।अब तक 69,833 लोग इलाज के बाद पूरी तरह ठीक होने के बाद घर भेजे जा चुके हैं। इनमें 2,999 लोग आज डिस्चार्ज किए गए। वहीं 2,028 लोगों की इस संक्रमण से मौत हो चुकी है। इसमें 47 मौतें बीते चौबीस घंटे के भीतर हुई हैं। इसी दौरान संक्रमण के 4,800 नए मामले सामने आए हैं।

प्रदेश के अपर मुख्य सचिव-गृह अवनीश अवस्थी ने शनिवार को बताया कि प्रदेश में कोविड-19 टेस्टिंग का कार्य तेजी से किया जा रहा है। राज्य की विभिन्न प्रयोगशालाओं में शुक्रवार को कुल 1,02,982 कोरोना नमूनों की जांच की गई। इससे पहले गुरुवार को कुल 95,737 कोरोना नमूनों की जांच की गई। इसके साथ ही राज्य में अब तक कुल जांच का आंकड़ा 29 लाख पार कर गया है और 29,96,406 कोरोना नमूनों की जांच हो चुकी है। वर्तमान में कुल जांच में उत्तर प्रदेश देश में केवल ​तमिलनाडु से पीछे चल रहा है। तमिलनाडु दो लाख टेस्ट से आगे है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में 15,678 लोग होम आइसोलेशन यानि घर पर रहकर इलाज की सुविधा का लाभ ले रहे हैं। वहीं 1,352 लोग निजी अस्पतालों, 178 मरीज एल-1 प्लस की सेमिपेड फैसिलिटी और शेष राज्य सरकार की एल-1, एल-2 व एल-3 की व्यवस्था के तहत विभिन्न सरकारी अस्पतालों में भर्ती हैं।

Share it
Top